विद्यालय शिक्षा विकास कार्यक्रम

-शिक्षा के लिए शिक्षकाें का प्रयास

 दैनिक क्रियाकलाप

विद्यालय परिसर के विकास और शैक्षिक सुधार के लिए शिक्षकों के आपसी सामंजस्य से पूर्व माध्यमिक विद्यालय गनेशपुर ग्रिंट में शुरु किए गए विद्यालय शिक्षा विकास कार्यक्रम के अंतर्गत दैनिक क्रियाकलापों को शिक्षण व्यवस्था में शामिल करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत सप्ताह के 6 शैक्षिक कार्यदिवसों के लिए प्रत्येक दिन अलग कार्यक्रम/क्रियाकलाप आयोजित होंगे। इनका उद्देश्य शैक्षिक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों का संपूर्ण विकास करना निहित किया गया है। इस कार्यक्रम की रूपरेखा का निर्माण विद्यालय के सहायक अध्यापक विज्ञान विकास द्वारा किया गया। इसके निर्माण में निर्देशक का दायित्व प्रधानाध्यापक शिवराज ने निभाया तो वहीं सहायक अध्यापक गणित सूर्यकांत ने अतुलनीय सहयोग प्रदान करके रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। 02 अक्टूबर 2016 से इसे लागू किया गया। 

स्वच्छ विद्यालय-स्वच्छ जीवन कार्यक्रम  


(दिन-सोमवार)


  विद्यालय आने वाले सभी विद्यार्थियों के नाखून, बाल, दांत और कपड़ों की साफ-सफाई, स्वच्छता की जांच इस कार्यक्रम के तहत की जाएगी। नाखून आदि न काटने वाले बच्चों का इसकी जरूरत को समझाया जाएगा। आवश्यकता होने पर विद्यालय परिसर में सफाई आदि का कार्य भी सम्मिलित रूप से किया जाएगा। इससे बच्चों में आपसी सामन्जस्य और मिलजुलकर कार्य करने की प्रवृत्ति भी विकसित होगी। 


व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम

                                                                      (दिन-मंगलवार)


विद्यालय आने वाले अधिकतर विद्यार्थी ग्रामीण परिवेश से हैं, जो किसी के भी सामने बोलने में झिझकते हैं। वे स्वयं को प्रस्तुत करने, बातचीत करने में असक्षम पाते हैं। इसलिए व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम के तहत बच्चों के बोलने, अपना परिचय देने, भाषण देने आदि की कला विकसित करने के लिए क्रियाकलाप कराए जाएंगे। 


खेल-खेल में सीखो और सिखाओ


(दिन-बुधवार)


विज्ञान और गणित सहित अन्य विषयों में खेलों और गतिविधियों के माध्यम से अध्यापन काफी प्रभावशाली होता है। इसलिए बच्चों के पाठ्यक्रम से संबंधित विषयवस्तु पर आधारित खेल आयोजित कराए जाएंगे। इससे मानसिक और शैक्षिक समझ में वृद्धि होगी। 


स्काउटिंग और देशसेवा संदेश कार्यक्रम

(दिन-गुरुवार)


बच्चों में स्काउट गाइड, एनसीसी, सैनिक परेड, अनुशासन आदि की जानकारी देते हुए देशसेवा की भावना विकसित करने का प्रयास इस कार्यक्रम के जरिए होगा। इसमें देश की महान विभूतियों के कार्यों के बारे में जानकारी के साथ ही प्रेरक प्रसंग बताए जाएंगे। बच्चों को अनेक रूपों में सजाकर देश सेवा के बारे में बताया जा सकता है। 


हमारा परिवेश और हम

                        (दिन-शुक्रवार)

हमारे आसपास की घटनाओं, महत्वपूर्ण परिवर्तनों के साथ ही आसपास के इलाकों में फैलने वाली बीमारियों, मौसमी बीमारियों, उनसे बचने के उपायों के बारे में जागरुक किया जाएगा। समय समय पर स्वास्थ्य आदि की जांच के लिए शिविर आदि का आयोजन किया जाएगा। 


मेधावी पुरस्कार कार्यक्रम

                   (दिन-शनिवा)

सोमवार से शुरु होकर शुक्रवार तक चलने वाले शिक्षण कार्य, खेल गतिविधियों, अनुशासन, विद्यालय-शिक्षा विकास कार्यक्रम की प्रतिदिन होने वाली गतिविधियों में समग्र रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 3 विद्यार्थियों को चयनित करके उनकी सूची प्रकाशित करके इसे नोटिस बोर्ड में चस्पा किया जाएगा। इसके साथ ही इन मेधावियों को शिक्षक यथोचित सम्मान भी देंगे।